धार्मिकमध्य प्रदेश

सिलवानी में संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 11 जनवरी को होगा विशाल हिंदू सम्मेलन

सिलवानी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर नगर सिलवानी में आगामी 11 जनवरी को आयोजित होने जा रहे विशाल हिंदू सम्मेलन को लेकर नगर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आरएसएस के स्वयंसेवक एवं विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता नगर के विभिन्न वार्डों में घर-घर पहुंचकर नागरिकों को सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं।
कार्यकर्ता परंपरागत रूप से घरों में पीले चावल डालकर सम्मेलन का निमंत्रण दे रहे हैं। यह भारतीय संस्कृति में शुभता और आमंत्रण का प्रतीक माना जाता है। जनसंपर्क के दौरान स्वयंसेवक सम्मेलन के उद्देश्य, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व की जानकारी भी लोगों को दे रहे हैं।
संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि यह सम्मेलन हिंदू समाज को संगठित करने, सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, संत-महात्मा, समाजसेवी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
नगरवासियों में इस अभियान को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर नागरिकों ने स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आश्वासन दिया।
आयोजकों ने सभी हिंदू समाज के लोगों से अपील की है कि वे 11 जनवरी को निर्धारित स्थल पर समय पर पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाएं और संघ शताब्दी वर्ष के इस ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनें।

Related Articles

Back to top button