सांसद खेल महोत्सव में रोमांचक मुकाबले, समापन में शिवराज सिंह होगे शामिल

सिलवानी। सांसद खेल महोत्सव के दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ शनिवार को सिलवानी में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। पहले दिन क्रिकेट और कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
क्रिकेट सेमीफाइनल में प्रतापगढ़ ने बेगमगंज नगर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में सिलवानी ने ग्रामीण बेगमगंज को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। आज तीसरे स्थान के लिए बेगमगंज नगर व ग्रामीण बेगमगंज आमने-सामने होंगे, जबकि फाइनल मुकाबला प्रतापगढ़ और सिलवानी के बीच खेला जाएगा।
कबड्डी मुकाबलों में सिलवानी ने ग्रामीण बेगमगंज को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे मैच में प्रतापगढ़ ने नगर बेगमगंज को पराजित करते हुए शानदार जीत दर्ज की।
18 जनवरी को समापन अवसर पर शासकीय महाविद्यालय प्रांगण में फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा एवं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता दुर्गेश राजपूत, मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला, भाजपा नेता विभोर नायक, बेगमगंज मंडल अध्यक्ष अजय जाट, प्रतापगढ़ मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर दुर्गेश राजपूत ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को खेलों से जोड़ने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी प्रदीप कुशवाहा, दीपेश समैया, लखन चंदेल, पार्षद लखन मेहरा, बाबू ठाकुर, धर्मेश जैन, खेल शिक्षक तारिक खान, कमलेश जाटव सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।



