मध्य प्रदेश

न्यू बस स्टैंड उमरियापान में बने महिला एवं पुरुष प्रसाधन बदहाली का शिकार

गंदगी और दुर्गंध के बीच प्रसाधन उपयोग को मजबूर यात्री, जिम्मेदार बेखबर
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा जनपद की ग्राम पंचायत उमरियापान के न्यू बस स्टैंड परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए महिला एवं पुरुष प्रसाधन वर्तमान में गंभीर बदहाली का शिकार बने हुए हैं। प्रसाधनों की स्थिति इतनी खराब है कि वहां चारों ओर गंदगी फैली हुई है और तीव्र दुर्गंध के कारण अंदर प्रवेश करना भी कठिन हो जाता है। बावजूद इसके ग्राम पंचायत द्वारा न तो नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है और न ही रखरखाव को लेकर कोई गंभीर प्रयास दिखाई दे रहा है।
न्यू बस स्टैंड उमरियापान क्षेत्र का प्रमुख यात्री केंद्र माना जाता है । यहां से सिहोरा, जबलपुर, ढीमरखेड़ा, स्लीमनाबाद, कटनी, सहित विभिन्न दिशाओं के लिए बसों का नियमित आवागमन होता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के लोग, महिलाएं, बुजुर्ग और छात्र बसस्टैंड पर पहुंचते हैं । लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों को प्रसाधन का उपयोग करना आवश्यक हो जाता है, लेकिन मौजूदा हालात में यहां बने प्रसाधन यात्रियों की मजबूरी बन चुके हैं।
प्रसाधन कक्षों के भीतर और बाहर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। फर्श, दीवारों और दरवाजों पर गंदगी स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। दुर्गंध इतनी अधिक है कि कई यात्री प्रसाधन का उपयोग करने से बचते हैं, लेकिन मजबूरी में उन्हें मुंह और नाक पर रुमाल रखकर अंदर जाना पड़ता है। विशेष रूप से महिला यात्रियों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है।
स्वच्छता के अभाव में संक्रमण और विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है । खुले में फैली गंदगी और अस्वच्छ वातावरण से यात्रियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। यह स्थिति न केवल आमजन के लिए चिंता का विषय है, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है।
बस स्टैंड परिसर में लगे हैंडपंप की स्थिति भी अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। प्रसाधनों के आसपास फैली गंदगी के कारण यात्रियों को वहां से पानी पीने में भी संकोच होता है । कई लोगों का कहना है कि पानी पीने की इच्छा होने के बावजूद अस्वच्छ वातावरण के कारण वे पानी का उपयोग नहीं कर पाते, जबकि कुछ लोग मजबूरीवश उसी हैंडपंप के पानी का उपयोग करते हैं। यह स्थिति सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने इस समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदारों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नियमित सफाई व्यवस्था, सफाई कर्मियों की नियुक्ति और निगरानी की कमी के कारण स्थिति दिन-ब-दिन और खराब होती जा रही है। लोगों का कहना है कि सरपंच और सचिव द्वारा इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि न्यू बस स्टैंड उमरियापान में बने महिला एवं पुरुष प्रसाधनों की तत्काल साफ-सफाई कराई जाए, नियमित सफाई कर्मी नियुक्त किए जाएं और साफ-सफाई की सतत निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही हैंडपंप एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखा जाए, ताकि यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनी रहे।

Related Articles

Back to top button