विश्व हिन्दू परिषद एवं दुर्गा वाहिनी द्वारा नशा मुक्ति अभियान संचालित

विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
सिलवानी। विश्व हिन्दू परिषद एवं दुर्गा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में सिलवानी प्रखंड के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में नशा मुक्ति को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सरस्वती शिशु मंदिर, सांदीपनि विद्यालय, कन्या शाला, गुरुकुल, मां शारदा सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विहिप एवं दुर्गा वाहिनी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया गया कि वे सभी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा नशामुक्त समाज की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि भारत के उज्ज्वल भविष्य को नशे की चपेट में आने से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अभियान को शिक्षकों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विभाग सह संयोजिका महिमा दुबे, प्रखंड संयोजिका रिया सोनी के साथ मनु तिवारी, सलोनी मेहरा, शिवानी मेहरा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।



