वन सुरक्षा कैम्प सियरमऊ में अनुभूति ईको कैम्प का आयोजन

125 विद्यार्थियों ने सीखा पर्यावरण संरक्षण का पाठ
सिलवानी। वनमंडल रायसेन (सामान्य) के अंतर्गत वन परिक्षेत्र पूर्व सिलवानी (सामान्य) की सीमा में स्थित वन सुरक्षा कैम्प सियरमऊ में मंगलवार को अनुभूति ईको कैम्प का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष यह कार्यक्रम बाघ थीम पर आधारित रहा, जिसमें क्षेत्र के 125 स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वनमण्डलाधिकारी (सामान्य) रायसेन प्रतिभा शुक्ला द्वारा किया गया। शुभारंभ के पश्चात उन्होंने स्वयं छात्र-छात्राओं को वन भ्रमण कराया। इस दौरान बच्चों को वन्यप्राणियों के संरक्षण एवं संवर्धन, वन विभाग द्वारा किए जा रहे वनवर्धनिक कार्यों तथा उनके वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी दी गई।
वन भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को यह समझाया गया कि किस प्रकार वन एवं वन्यप्राणी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वनों द्वारा ऑक्सीजन–कार्बन डाइऑक्साइड के संतुलन, बादलों के संघनन से वर्षा में वृद्धि, नदियों को स्वच्छ जल की सतत आपूर्ति, तथा भौतिक, रासायनिक एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण में योगदान के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही वनों में पाए जाने वाले लघु वनोपज तथा वनाग्नि से होने वाले नुकसान के संबंध में भी बच्चों को जागरूक किया गया।
रेंजर आदर्श मिश्रा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पशु बाघ, राष्ट्रीय पक्षी मोर एवं राष्ट्रीय वृक्ष बरगद के बारे में रोचक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बाघ की काली धारियां, चेहरे के निशान एवं पगचिन्ह अलग -अलग होते हैं, जिनसे उसकी पहचान की जाती है। इसके अतिरिक्त वनों में पाए जाने वाले सांपों के विषय में भी महत्वपूर्ण एवं रोचक तथ्य साझा किए गए।
वन भ्रमण से पूर्व शासकीय विद्यालय सियरमऊ के छात्र-छात्राओं को वन्यप्राणी कैम्प सियरमऊ में नाश्ता कराया गया। भ्रमण के दौरान वनपाल राममनोहर खरे, वन रक्षक रामकुमार रघुवंशी, संदीप सिंह ठाकुर, दीपक कौरव, लवकुश तिवारी, ऋषि गुप्ता, कल्पना, सीमा रघुवंशी एवं पारुल सिकरवार द्वारा बच्चों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
अनुभूति कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला, प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को वनमण्डलाधिकारी प्रतिभा शुक्ला, रेंजर आदर्श मिश्रा, जनप्रतिनिधियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परिक्षेत्र लिपिक संतोष बाबू ने मानव जीवन, वन एवं पर्यावरण के आपसी संतुलन पर सारगर्भित जानकारी दी।
कार्यक्रम में सर्वेश खरे, विनोद शाह, मनोहर रजक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सियरमऊ की शिक्षिका रानी ठाकुर, अरुणा साहू, शिक्षक महेन्द्र धुर्वे सहित वन विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम आर्यन साहू, द्वितीय दीपेश जगते, तृतीय संयम जैन रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम दिव्यांशी शुक्ला, द्वितीय साधना विश्वकर्मा, तृतीय लक्ष्मी आदिवासी रहीं। साथ ही निबंध प्रतियोगिता में प्रथम नमन पुर्ते, द्वितीय साधना विश्वकर्मा, तृतीय लक्ष्मी आदिवासी रहीं।



