राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सिलवानी। राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में एकीकृत बाल विकास परियोजना सिलवानी अंतर्गत सेक्टर बम्होरी में बालिका दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व किशोरी बालिकाओं की सक्रिय सहभागिता
विभागीय थीम के अनुसार कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं किशोर-किशोरी बालिकाओं को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत किशोरी बालिकाओं के स्वागत से की गई।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन हुआ।
योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष सत्र
उपस्थित बालिकाओं एवं कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्यवर्धक एवं सरल योगासन करवाए गए। इसके साथ ही शरीर में खून की कमी (एनीमिया) से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा एनीमिया उन्मूलन के उपाय समझाए गए। स्कूल में दी जाने वाली आयरन गोली की जानकारी लेकर उसके महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
अनुभव साझा एवं सामाजिक संदेश
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा किए। इसी अवसर पर सभी को भ्रूण हत्या रोकने, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, बालिका शिक्षा एवं महिला सहभागिता को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई।
सोशल मीडिया से संयम, पुस्तक पढ़ने की प्रेरणा
बालिकाओं को सोशल मीडिया के सीमित उपयोग की सलाह दी गई तथा पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
बालिकाओं के सशक्तिकरण का आह्वान
“पुत्री पवित्र किए कुल दोऊ” चौपाई के माध्यम से बालिकाओं को पढ़ाई, अच्छे कार्य करने और देश के विकास में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता एवं समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।



