तेज रफ्तार चलती बस का टायर फटा, 50 से 60 यात्री बाल बाल बचे
रायसेन । रायसेन में बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे सागर से भोपाल जा रही एक तेज रफ्तार बस का अगला टायर अचानक फट गया। इस घटना से बस में सवार करीब 50 से 60 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक ने बस को नियंत्रित कर सड़क किनारे रोका जिससे यात्री बाल-बाल बच गए। घटना सागर रोड पर विद्युत ग्रामीण कार्यालय के सामने हुई। टायर फटने के कारण बस अनियंत्रित हो गई थी। यात्रियों ने बताया कि बस करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी, तभी अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज आई, जिससे सभी घबरा गए। गैरतगंज से भोपाल जा रहे यात्री तीरथ सिंह और सौरभ जैन ने बताया कि टायर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि अंदर बैठे यात्री दहशत में आ गए। बस रुकने के बाद जब यात्री नीचे उतरे, तब उन्हें पता चला कि बस का टायर फटा था। टायर बदलने में लगे समय तक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चलती बस में लगी थी आग ट्रैक्टर को चल रहा था नाबालिक,
जिले में वाहन दुर्घटनाओं का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 13 और 14 जनवरी की मध्य रात्रि में इंदौर-रीवा बस में भी अचानक आग लग गई थी, जिसमें 50 यात्री सवार थे। उस घटना में एक ट्रक ड्राइवर की सतर्कता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित उतार लिया गया था, जिसके बाद बस पूरी तरह जलकर राख हो गई थी। वहीं, मंगलवार देर शाम भी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी, जिसे एक नाबालिग चला रहा था। इन लगातार हो रही घटनाओं ने जिला परिवहन विभाग (आरटीओ) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरटीओ द्वारा नियमित रूप से वाहनों की जांच नहीं की जा रही है और न ही चालकों पर उचित जुर्माना लगाया जा रहा है, जिसके कारण जिले में सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।



