मध्य प्रदेश

पुलिस की सख्ती: मॉडिफाइड बाइक जब्त, नशे में वाहन चला रहा चालक गिरफ्तार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में उमरियापान पुलिस द्वारा क्षेत्र में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र जायसवाल ने पुलिस स्टाफ के साथ कस्बे में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो अहम कार्रवाइयाँ कीं।
मॉडिफाइड बाइक पर कार्रवाई
बस स्टैंड के पास पुलिस की नजर एक ऐसे दोपहिया वाहन पर पड़ी, जिसे अवैध रूप से मॉडिफाई कर पीछे दो अतिरिक्त पहिए लगाकर ‘आइसक्रीम ठेले’ का रूप दे दिया गया था। वाहन यातायात नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए खड़ा पाया गया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई कर वाहन जब्त कर लिया।
नशे में वाहन चला रहा चालक पकड़ा
इसी दौरान पुलिस टीम ने एक अन्य व्यक्ति को शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पकड़ा। मौके पर ही ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने त्वरित वैधानिक कार्रवाई कर वाहन को विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस का सख्त संदेश
उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने कहा है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, अवैध रूप से वाहन मॉडिफाई करने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है और आम नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Related Articles

Back to top button