झाड़ियों में मिला 3 माह का मासूम पुलिस ने तत्परता दिखा बचाई जान
औबेदुल्लागंज। मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक घटना में, पटेल चौराहा स्थित होशंगाबाद सर्विस रोड के पास झाड़ियों में एक तीन माह का लावारिस शिशु मिला है औबेदुल्लागंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के कारण बच्चे को न केवल सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, बल्कि उसे उपचार के बाद भोपाल के शिशु गृह में भी भेज दिया गया है।
प्रात जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि नर्सरी के पास झाड़ियों में एक छोटा बच्चा लावारिस हालत में पड़ा है। बच्चा नीले रंग की साड़ी में लिपटा हुआ था। सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात प्रधान आरक्षक अवधेश भदौरिया मौके पर पहुँचे और बच्चे को तुरंत सरकारी अस्पताल औबेदुल्लागंज ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरियादी मांगीलाल निनोरिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने बताया कि बच्चे को असुरक्षित तरीके से सड़क किनारे छोड़ना उसकी जान के लिए घातक हो सकता था पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 93 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। बच्चे के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद पुलिस ने बाल कल्याण समिति (CWC) रायसेन को ईमेल के माध्यम से सूचित किया। समिति के निर्देशों का पालन करते हुए मासूम को बेहतर देखभाल और संरक्षण के लिए किलकारी शिशु गृह चूना भट्टी, भोपाल भेज दिया गया है। रायसेन पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे के निर्देशन में एवं एसडीओपी शीला सुराणा के मार्गदर्शन में ओबेदुल्लागंज थाना प्रभारी बीपी सिंह की टीम ने इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। इस सफल रेस्क्यू में सिंह, उपनिरीक्षक संतोष सिंह, राजेश सिंह भदौरिया, प्रधान आरक्षक आदेश चौरे, अभिषेक चौधरी, अवधेश भदौरिया और आरक्षक सूरज वर्मा शामिल रहे।



