समनापुर कलां में प्रवेश उत्सव मनाया गया, अधिकारियों ने किया शाला निरीक्षण

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। मंगलवार 7 अप्रैल 2026 को शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय समनापुर कलां में नवीन सत्र के तहत प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी अंकित जैन एवं सहायक संचालक आशीष चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने शाला का औचक निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने बच्चों से विषयों में रुचि बढ़ाने, मन की एकाग्रता बनाए रखने तथा लगन के साथ अध्ययन करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। साथ ही विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शाला की प्रयोगशाला, बैठक व्यवस्था, पेयजल सुविधा, पुस्तक वितरण एवं साइकिल वितरण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रवेश उत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों को तिलक लगाकर पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर शाला के समस्त शिक्षक एवं अतिथि शिक्षक भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।



