हनुमान मंदिर के सामने शराब ठेका हटाने की मांग , बजरंग दल का चक्काजाम

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
कटनी। शहर के घंटाघर स्थित हनुमान मंदिर के सामने संचालित शराब ठेके को हटाने की मांग को लेकर बजरंग दल का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर तेज हो गया। मंगलवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट के सामने चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए “आबकारी विभाग मुर्दाबाद” के नारे लगाए। बजरंग दल का आरोप है कि हनुमान मंदिर उनकी आस्था का प्रमुख केंद्र है और उसके ठीक सामने शराब ठेका संचालित होना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। संगठन का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से इस मुद्दे को लेकर विरोध जता रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी के चलते कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और चक्काजाम कर विरोध दर्ज कराया।
मौके पर माधव नगर पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा। पुलिस की सतर्कता के चलते प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।
आधा घंटा रहा आवागमन बाधित
चक्काजाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की, जिससे लगभग आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। अधिकारियों द्वारा समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
दस दिन के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना
बजरंग दल की मुख्य मांग थी कि हनुमान मंदिर के सामने से शराब ठेका तत्काल हटाया जाए। लगभग चार घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि दस दिनों के भीतर दुकान को हटा दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
हालांकि, बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में शराब ठेका नहीं हटाया गया, तो ग्यारहवें दिन उग्र आंदोलन किया जाएगा।



