मध्य प्रदेश

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीकलपुर का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम

11वें वर्ष भी शानदार प्रदर्शन
सिलवानी। विकासखंड सिलवानी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीकलपुर ने मंडल परीक्षा परिणाम सत्र 2025-26 में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता की नई मिसाल कायम की है। विद्यालय का यह लगातार 11वां वर्ष है, जब परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 91 प्रतिशत रहा। कुल 77 छात्र-छात्राओं में से 70 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 51 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 17 ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं में कुल 70 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। विज्ञान (गणित) संकाय का परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा, जबकि कला संकाय का परिणाम 76 प्रतिशत दर्ज किया गया। कक्षा 12वीं में 38 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। साथ ही 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा लैपटॉप प्रदान किए जाने की पात्रता प्राप्त हुई है।
मेधावी विद्यार्थियों में निहारिका रघुवंशी (पिता नारायण सिंह रघुवंशी) ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं यश मेहरा (पिता डोमल सिंह मेहरा) ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही लगातार 11 वर्षों से उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने पर विद्यालय के समस्त स्टाफ को गणमान्य नागरिकों द्वारा बधाई दी गई।
इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षकों एवं प्राचार्य सुनील पांडे को दिया गया, जिन्हें उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पूर्व में कई बार कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button