मध्य प्रदेश

3 वर्षीय मासूम के लापता होने से परिवार परेशान, परिजनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले के थाना तेजगढ़ अंतर्गत चौकी इमलिया क्षेत्र के ग्राम महुआखेड़ा से 3 वर्षीय मासूम के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्चे के परिजनों ने अज्ञात व्यक्तियों पर बच्चे को उठाकर ले जाने की आशंका जताई है तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर बच्चे की जल्द तलाश करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम महुआखेड़ा निवासी माखन सिंह पिता कनाई सिंह लोधी ने बताया कि उनका 3 वर्षीय पुत्र अनिरुद्ध लोधी गुरुवार 8 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान बच्चा अचानक लापता हो गया। परिजनों का कहना है कि बच्चा अभी ठीक से बोल भी नहीं पाता है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि गांव के बाहर स्कूल के पास खड़ी सफेद रंग की एक अज्ञात कार में आए बाहरी लोग बच्चे को उठाकर ले गए। बच्चे के घर में नहीं मिलने पर परिवार द्वारा आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।
घटना के बाद थाना तेजगढ़ की चौकी इमलिया में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। वहीं शुक्रवार को बच्चे के परिजन दमोह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आवेदन सौंपकर बच्चे को जल्द से जल्द खोजने की मांग की।
मासूम के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है और लगातार बच्चे की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button