अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता भारत के स्थापना दिवस पर अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी सम्मानित

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता भारत का पांचवां स्थापना दिवस 31 मई 2026 को बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया । कार्यक्रम का आयोजन कटनी जिला इकाई द्वारा इंडियन कॉफी हाउस में जिला अध्यक्ष अधिवक्ता नानक देवानी के नेतृत्व में किया गया ।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रकुमार वलेजा मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय संरक्षक कैलाश नारायण गौतम अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे । विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी करण शाक्य ‘कक्काजी’, टैक्स बार लॉ एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता हरीशचंद नारंग, उपाध्यक्ष राकेश निगम, वरिष्ठ अधिवक्ता ललित तिवारी, अशोक तिवारी, जिला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष संतु परौहा तथा वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार बक्शी सहित अनेक गणमान्य अधिवक्ता उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ । कार्यक्रम का सफल संचालन अधिवक्ता मीना सिंह बघेल ने किया । मंचासीन अतिथियों का स्वागत जिला अध्यक्ष नानक देवानी, कार्यकारिणी सदस्य मांडवी पांडेय, शिखा पांडेय, वीणा नामदेव, पूनम रैदास तथा समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी सहित मातृशक्तियों द्वारा रोली-तिलक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता भारत अधिवक्ताओं के हित, कल्याण, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्यरत है। विशेष रूप से महिला अधिवक्ताओं एवं मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा को संगठन की प्राथमिकता बताया गया ।
स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं तथा मातृशक्तियों का स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया । इसी क्रम में समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी को मानवता एवं जनहित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए मंचासीन अतिथियों के करकमलों द्वारा स्मृति-प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया गया । अतिथियों ने उनके सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की ।
कार्यक्रम में समाजसेवी लता खरे, अधिवक्ता वंदना झामनानी, मनु साहू, अरुण जैसवानी, उमाकांत पटेल, निगार सुल्ताना, मुस्कान चीजवानी, वंदना गैलानी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे । कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।



