मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री के बयान के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कचहरी चौराहे पर गूंजे विरोध के स्वर

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कांग्रेस पार्टी को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में सोमवार 01 जून 2026 की शाम जिला कांग्रेस कमेटी कटनी के नेतृत्व में शहर के कचहरी चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया गया । प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अमित शुक्ला ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे ।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयान को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई । प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा कटनी जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा विधायकों के खिलाफ भी मुर्दाबाद के नारे लगाए ।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी भाषा और वक्तव्यों में संयम बरतना चाहिए । उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था एवं किसानों की समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार की बयानबाजी कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश और प्रदेश की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी है, जिसने देश के विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है । ऐसे में पार्टी के संबंध में अपमानजनक और असम्मानजनक टिप्पणियां करना न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं का भी अपमान है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने की मांग की । साथ ही चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की टिप्पणी दोहराई जाती है तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी ।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया । प्रदर्शन के दौरान कचहरी चौराहे पर कुछ समय तक राजनीतिक माहौल गरमाया रहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया ।

Related Articles

Back to top button