सोशल मीडिया वॉरियर्स अभियान का दमोह में आगाज़, युवाओं और इन्फ्लुएंसर्स को कांग्रेस से जोड़ने की पहल

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। मध्य प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग द्वारा संचालित ‘सोशल मीडिया वॉरियर्स’ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी दमोह एवं सोशल मीडिया विभाग की ओर से एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। अभियान का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं, जागरूक नागरिकों और सोशल मीडिया पर सक्रिय इन्फ्लुएंसर्स को कांग्रेस संगठन से जोड़ना है।
प्रेस वार्ता में मध्य प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अविरल हरि जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानक पटेल, संगठन महासचिव पं. नितिन मिश्रा, सेवादल अध्यक्ष संजय चौरसिया, आईटी सेल एवं सोशल मीडिया विभाग के जिला अध्यक्ष खिलान सिंह ठाकुर तथा प्रदेश सचिव अमरदीप अग्रवाल मौजूद रहे।
अविरल हरि जैन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर पर सोशल मीडिया वॉरियर्स का चयन किया जाएगा। इसका उद्देश्य संविधान में आस्था रखने वाले नागरिकों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को कांग्रेस संगठन से जुड़ने का सरल और पारदर्शी अवसर मिलेगा। साथ ही राइटर्स, डिज़ाइनर्स, वीडियो एडिटर्स, कार्टूनिस्ट, कवि, लेखक, ब्लॉगर्स, मोटिवेशनल स्पीकर्स, सोशल वर्कर्स और लोक कलाकारों जैसे रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों को भी संगठन के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानक पटेल ने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से नई प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी। महिलाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज़ बुलंद करने का मंच मिलेगा, वहीं पत्रकारों, न्यूज़ एंकर्स और रिपोर्टर्स को जनहित के मुद्दों पर कार्य करने के लिए सशक्त संवाद माध्यम उपलब्ध कराया जाएगा।
बताया गया कि अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ 31 मई 2026 को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से किया गया था। इसी दिन ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी। 1 जून से प्रदेश के सभी जिलों में प्रेस वार्ताओं के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
आवेदनों की प्रारंभिक जांच के बाद 20 जून से जिला कांग्रेस कार्यालयों में जिला अध्यक्षों और सोशल मीडिया प्रभारियों की उपस्थिति में योग्य आवेदकों के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। 28 जून तक स्क्रूटनी प्रक्रिया पूर्ण होगी और 30 जून 2026 को चयनित सोशल मीडिया वॉरियर्स की घोषणा की जाएगी।
नितिन मिश्रा, संजय चौरसिया और खिलान सिंह ठाकुर ने प्रदेश के युवाओं, सामाजिक रूप से सक्रिय नागरिकों और सोशल मीडिया पर प्रभाव रखने वाले लोगों से अभियान में शामिल होकर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में मोतीलाल यादव, लक्ष्मण रैकवार, नीलेश ठाकुर, राघवेंद्र ठाकुर, महेंद्र सिंह लोधी, समीम कुरेशी, वसंत कुशवाहा, मुकेश रोहतास, धर्मेंद्र राजपूत, एहसान खान, मोहम्मद नईम खान, दीपक यादव, परसोत्तम विश्वकर्मा, हर्ष यादव सहित कांग्रेस परिवार के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



