अब बाड़ी में ही होगा डिजिटल एक्स-रे, मरीजों को बरेली-भोपाल की दौड़ से मिलेगी राहत

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को मिली आधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन की सौगात, पूजा-अर्चना कर किया शुभारंभ
रिपोर्टर : विनोद कुमार साहू
बाड़ी। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बाड़ी में आधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन का शुभारंभ सोमवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष सरवजीत सिंह अटवाल द्वारा पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की गई।
डिजिटल एक्स-रे मशीन के शुरू होने से अब क्षेत्र के हजारों मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले मरीजों सहित हड्डी, सीने और अन्य बीमारियों से संबंधित जांच के लिए लोगों को बरेली या भोपाल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। समय पर जांच होने से उपचार में तेजी आएगी और मरीजों का समय व आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे।
गौरतलब है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एक्स-रे मशीन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मशीन उपलब्ध होने के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण विस्तार हुआ है। इससे ग्रामीण अंचल के मरीजों को आधुनिक जांच सुविधा अपने ही क्षेत्र में सुलभ हो सकेगी।
क्षेत्र के नागरिकों ने इस सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में अस्पताल में अन्य आवश्यक संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।



