हर पात्र व्यक्ति को मिलेगा योजनाओं का लाभ ; विधायक

ढीमरखेड़ा जनकल्याण शिविर में 70 आवेदन दर्ज
कलेक्टर ने अधिकारियो को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान । शासन की मंशा के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में लगातार जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को विकासखण्ड ढीमरखेड़ा में आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर के पहले दिन 70 आवेदन पंजीकृत किए गए। शिविर में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा की विशेष मौजूदगी रही।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। सरकार की योजनाओं से गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और व्यापारियों को सीधा लाभ मिला है। विधायक ने कहा कि जनकल्याण शिविर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के सफल सुशासन का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की 110 जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक एक ही स्थान पर पहुंचाना है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनकल्याण शिविर में ग्रामीणजनों को विभागों के अधिकारियों द्वारा संचालित जन हितैषी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
विधायक धीरेन्द्र बहादुरसिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी ने जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टालों का निरीक्षण किया। महिला बाल विकास विभाग के स्टॉल में देशी व्यंजनों के स्वाद का जायका लिया। इसके बाद अन्य विभागों के द्वारा लगाए गए स्टालों का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया ।
*हितलाभ वितरण*
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह और कलेक्टर आशीष तिवारी ने पात्र दिव्यांगो को ट्राईसाइकिल और स्कूल के छात्रों साइकिल प्रदान किया। इसके अलावा हितग्राहियों को संबल योजना की अनुग्रह राशि, लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए । शिविर में आधार कार्ड से संबंधित समस्याओं के निराकरण का भी स्टाल लगाया गया था और आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए । इसके पहले शिविर का शुभारंभ कन्या पूजन के बाद मां सरस्वती के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर और माल्यार्पण कर किया गया। इस तीन दिवसीय शिविर का आयोजन 16 जून और 18 जून को भी किया जायेगा। शिविर में एसडीएम निधि सिंह गोहल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे, जनपद सीईओ यजुवेंद्र कोरी, बीएमओ डॉ बीके प्रसाद, आशीष चौरसिया, नरेंद्र त्रिपाठी, अजय सोनी, मनीष बागरी प्रशांत राय, सहित विभागों के जिला अधिकारी और विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



