75 लाख के मूंग घोटाले में एक की गिरफ्तारी, दो फरार, सवालों के घेरे में कार्रवाई

सिलवानी। नगर के सर्वोदय वेयरहाउस से करीब 75 लाख रुपए मूल्य की 1760 कट्टियां मूंग गायब होने के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी अर्पित जैन को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो आरोपी गिरफ्तारी नहीं हुई हैं।पुलिस द्वारा वेयरहाउस संचालक एकता जैन, अर्पित जैन तथा मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के प्रबंधक अवधेश गौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है, लेकिन कार्रवाई की गति को लेकर आमजन में चर्चा बनी हुई है।गौरतलब है कि 3 जून को सैंपलिंग के दौरान अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में मूंग की 1760 कट्टियां गायब पाई गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसके बाद 12 दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई। अब एफआईआर के एक आरोपी गिरफ्तारी के बाद दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।सूत्रों के अनुसार मामले में नामजद आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि करोड़ों के करीब पहुंचने वाले इस आर्थिक घोटाले में यदि त्वरित गिरफ्तारी नहीं होती है तो जांच की निष्पक्षता और प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लग सकते हैं। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मामले में शीघ्र गिरफ्तारी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।मूंग घोटाले का मामला अब केवल अनाज के गायब होने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रशासनिक जवाबदेही और सरकारी भंडारण व्यवस्था की पारदर्शिता का भी बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। अब सबकी निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।इस संबंध में टीआई संजीत परते का कहना है कि एक आरोपी अर्पित जैन को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। दो आरोपी फरार है। जिनकी तलाश की जा रही है। मामले का चालान बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।



