मध्य प्रदेश

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया 1.52 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण

सिलवानी। नगर परिषद सिलवानी द्वारा नगर के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 1 करोड़ 52 लाख रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत के कर-कमलों से संपन्न हुआ।
लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनहितकारी निर्माण कार्यों को जनता को समर्पित किया गया, जिससे नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद सिलवानी को विकास कार्यों के लिए लगातार मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसी सहयोग के परिणामस्वरूप नगर में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्यों को गति मिली है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनकल्याण और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। नगरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि सिलवानी के विकास के लिए भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि सिलवानी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं अन्य जनसुविधाओं के क्षेत्र में अनेक योजनाएं संचालित हैं, जिनका लाभ क्षेत्र की जनता को मिल रहा है। उन्होंने नागरिकों से विकास कार्यों के संरक्षण एवं सहयोग की भी अपील की।
इस अवसर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक, भाजपा नेता विभोर नायक, नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मोनू मतांबर, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, रागिनी मोहन साहू, गुड्डू भाई, लखन मेहरा, बाबू ठाकुर, पुनीत समैया, नगर परिषद सीएमओ ऋषिकांत यादव सहित बड़ी संख्या नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button