वैवाहिक वर्षगांठ पर पौधारोपण कर गौसेवा का संदेश दिया

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । सम्मेदगिरि गोसलपुर विद्यासागर सेवा आश्रम समिति, दिव्योदय गोसलपुर में गौशाला के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई । बैठक की अध्यक्षता समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल जैन ने की । बैठक में गौशाला के सुचारु संचालन, गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन, सेवा गतिविधियों के विस्तार तथा आगामी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई । साथ ही गौशाला के विकास एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया ।
बैठक के उपरांत समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान संरक्षक अरुण जैन तथा उनकी धर्मपत्नी उर्मिला जैन के वैवाहिक जीवन की वर्षगांठ के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस अवसर पर आम, जामुन, कटहल, बरगद एवं पीपल जैसे फलदार, छायादार एवं पर्यावरण के लिए अत्यंत उपयोगी वृक्षों के पौधे रोपे गए । उपस्थित सभी सदस्यों ने इन पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया ।
इसके पश्चात गौशाला में संरक्षित गोवंश को हरा चारा खिलाकर गोसेवा की गई तथा सभी उपस्थितजनों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया । वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं, वहीं गोसेवा मानव जीवन में करुणा, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश देती है । उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया ।
इस अवसर पर समिति के सचिव सुनील जैन (जबलपुर), आजाद जैन, सुनील जैन (गुड्डा), राकेश जैन (पूर्व शिक्षक), अमित जैन (सामाजिक कार्यकर्ता), संजय सेंगर, बिहारीलाल रजक, मैनेजर डॉ. अक्षय, उपेंद्र यादव, गुरु बर्मन, शिबू लोधी, निर्मल, हीरालाल, प्रमोद, धनीराम, लक्ष्मी यादव, सतीश, राजेश बर्मन, अभिषेक यादव, पार्वती बाई सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं गौसेवक उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का सफल संचालन सुनील जैन (जबलपुर) ने किया, जबकि अंत में राकेश जैन (पूर्व शिक्षक) ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया ।



