मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक में सर्वधर्म जनसेवा समिति ने लगाया पल्स पोलियों बूथ

करीब 200 बच्चों को पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की, अभिभावकों को स्वास्थ्य स्वच्छता का दिया संदेश
रिपोर्टर ; सतीश चौरसिया
उमरियापान । राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान के अंतर्गत 28 से 30 जून तक चलाए जा रहे तीन दिवसीय अभियान के तहत मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक स्थित यूपीएचसी वंशकार प्रेमनगर बस्ती, वार्ड क्रमांक 16 में सर्वधर्म जनसेवा समिति के तत्वावधान में पल्स पोलियो बूथ का आयोजन किया गया। समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 200 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुसूचित जनजातीय बालक छात्रावास के अधीक्षक ए. के. मेहरा रहे, जबकि अध्यक्षता सर्वधर्म जनसेवा समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सैनी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शहरी क्षेत्र की एएनएम सुलोचना सिंह एवं आशा कार्यकर्ता गौरी गोस्वामी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ए. के. मेहरा ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पोलियो की दो बूंद बच्चों को आजीवन विकलांगता से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही बच्चों को भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने की आदत विकसित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सर्वधर्म जनसेवा समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सैनी ने बूथ पर आए बच्चों एवं उनके अभिभावकों को बिस्कुट वितरित कर अभियान को उत्साहपूर्ण बनाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक की सहायक मुस्कान तिवारी, स्टाफ सदस्य अंकित बर्मन, क्षेत्र के अनेक बच्चे एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।

Related Articles

Back to top button