सेमरी नदी में मिली बाइक, चालक लापता; प्रशासन का रेस्क्यू अभियान जारी

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। कहीं एप्रोच रोड बह गए हैं तो कई मार्गों पर आवागमन बाधित है। इसी बीच क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है।
ग्राम रहटवास और नैनविलास के बीच स्थित सेमरी नदी में एक बाइक चालक के बह जाने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव के बीच रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने नदी से बाइक बरामद कर ली, लेकिन चालक का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बाइक पर चालक अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी सवार था। इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस, रेस्क्यू टीम और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से चालक की तलाश में जुटे हुए हैं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अपुष्ट अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।
प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में किसी भी पुल या रपटे पर पानी होने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें। थोड़ी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।



