मध्य प्रदेश

तेज बारिश में बहा हप्सिली घाट का एप्रोच रोड, बेगमगंज- सुल्तानगंज मार्ग बंद

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। रायसेन जिले के बेगमगंज- सुल्तानगंज मार्ग पर हप्सिली घाट स्थित निर्माणाधीन पुल का अस्थायी एप्रोच रोड तेज़ बारिश में बह जाने से बुधवार रात करीब 12 बजे से बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। दोपहिया वाहन चालक नए पुल पर पटिए रखकर जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी पिछले तीन वर्षों से सड़क और पुल का निर्माण बेहद धीमी गति से कर रही है। कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद वर्षा ऋतु से पहले पुल का शेष कार्य पूरा नहीं किया गया, जिसका खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल का केवल करीब 10 प्रतिशत कार्य बाकी है। यदि समय रहते उसका डामरीकरण कर पुल को चालू कर दिया जाता तो बारिश में मार्ग बंद होने की नौबत नहीं आती। आपको बता दें कि पिछले वर्ष भी दुधही नदी के पुल पर इसी तरह एप्रोच रोड बहने से बारिश के दौरान कई बार यातायात बाधित हुआ था।
फिलहाल बेगमगंज- सुल्तानगंज मार्ग बंद होने से क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई और पुल का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button