मध्य प्रदेशराजनीति

बड़वारा विधानसभा की विधुत समस्याओं के समाधान के लिए विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने जिले के अधीक्षण यंत्री डी.एन. चौकीकर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में बिजली आपूर्ति से संबंधित विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया तथा उनके त्वरित और स्थायी निराकरण के निर्देश दिए ।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों के लिए निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों से बार- बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, जर्जर विद्युत लाइनों, खराब ट्रांसफार्मरों के समय पर नहीं बदलने तथा बारिश के दौरान आपूर्ति बाधित होने जैसी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं । इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है, ताकि लोगों को राहत मिल सके ।
उन्होंने अधीक्षण यंत्री से कहा कि खराब ट्रांसफार्मरों का तत्काल प्रतिस्थापन किया जाए, जहां आवश्यकता हो वहां नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएं, विद्युत लाइनों का नियमित रखरखाव किया जाए तथा लो-वोल्टेज की समस्या से प्रभावित गांवों में तकनीकी सुधार कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए । साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए ।
अधीक्षण यंत्री डी.एन. चौकीकर ने विधायक को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे । उन्होंने कहा कि विभाग विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर पूर्व जिला मंत्री विजय दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष बसंत चौरसिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, नितिन पांडेय, मंडल महामंत्री अंकित झारिया, प्रदीप चौरसिया, वैभव चौरसिया एवं यश चौरसिया सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button