क्राइम

स्लीमनाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20.548 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

ट्राली बैग में छिपाकर ले जा रहा था 210 लाख रुपये का अवैध गांजा, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्लीमनाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 20 किलो 548 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 1 अगस्त 2026 को थाना स्लीमनाबाद पुलिस अपराध पतासाजी में जुटी थी। इसी दौरान ग्राम तेवरी स्थित राज स्वीट कॉर्न कैफे के पास बने यात्री प्रतीक्षालय में एक युवक दो ट्रॉली बैग और एक अन्य बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक यादव (26 वर्ष), निवासी घुघरी, थाना स्लीमनाबाद बताया । तलाशी लेने पर बड़े ट्रॉली बैग से 13 तथा छोटे ट्रॉली बैग से 7 पैकेट खाकी टेप में लिपटा हुआ गांजा बरामद हुआ । तौल करने पर कुल 20 किलो 548 ग्राम गांजा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया ।
आरोपी के विरुद्ध थाना स्लीमनाबाद में अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है । पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी ।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना स्लीमनाबाद पुलिस की टीम ने अहम भूमिका निभाई । कार्रवाई में उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय, प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल, आरक्षक सोने सिंह, अभिषेक राजावत, रजनीश टेकाम, सत्येंद्र सिंह राजपूत एवं पुष्पेंद्र यादव का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button