भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा बैठक हुई संपन्नपद नहीं, दायित्व को महत्व दें : दीपेंद्र पाल

सिलवानी। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा सिलवानी की संगठन विस्तार एवं संगठन सुदृढ़ीकरण को लेकर गुरुवार को सांदीपनी विद्यालय परिसर स्थित कम्युनिटी हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी संगठनात्मक दायित्वों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप उपस्थित हुए भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रभारी दीपेंद्र पाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र नागर, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, बम्होरी मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह लोधी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रभारी दीपेंद्र पाल ने कहा कि संगठन में पद से अधिक दायित्व का महत्व होता है। प्रत्येक कार्यकर्ता यदि अपने दायित्व का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करे, तो संगठन निरंतर मजबूत होता है। उन्होंने युवाओं से संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने तथा सक्रिय रूप से संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र नागर, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, बम्होरी मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह लोधी तथा संदीप शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी संगठनात्मक दायित्वों के प्रभावी निर्वहन पर जोर दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि युवा मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में अधिक जिम्मेदारी दी जाएगी तथा प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगा।
कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष विक्रम सोनी, आनंद सहरिया, सिद्धार्थ समैया, पप्पू नेमा, रुपेश कुशवाहा, मयंक नेमा, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, मदन राय, अभय जैन सहित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



