श्रावण मास में नगर में धार्मिक आयोजनों की धूम, पूर्व मंत्री ने किया रुद्राभिषेक

सिलवानी। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर नगर सहित पूरे अंचल में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी है। विभिन्न स्थानों पर श्रीमद्भागवत कथा, रुद्राभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है।
नगर के वार्ड क्रमांक 11 में पूर्व हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष के निवास पर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के साथ भगवान शिव की आराधना एवं देवों के देव महादेव का रुद्राभिषेक भी संपन्न हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
इसी क्रम में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत भी आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
इस धार्मिक आयोजन में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, संदीप शर्मा, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, मदन राय सहित बड़ी संख्या श्रद्वालु उपस्थित रहे।



