क्राइममध्य प्रदेश

पानी भरने को लेकर दो गांवों में विवाद, मारपीट में दो पक्षों के लोग घायल

वीरपुर में महिला से मारपीट, तुलसीपार में पिता-बेटियों समेत परिवार पर हमला; दोनों मामलों में पुलिस ने दर्ज किए प्रकरण
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । पीएचई विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण बारिश का मौसम शुरू होने के बावजूद क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल संकट बना हुआ है। सरकारी हैंडपंपों पर पानी भरने को लेकर विवाद की घटनाएं सामने आ रही हैं। वीरपुर और तुलसीपार गांव में पानी भरने को लेकर हुए विवाद मारपीट तक पहुंच गए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीरपुर गांव में बुधवार सुबह करीब 10 बजे पुष्पा बाई प्रजापति (35) पत्नी उदयभान प्रजापति सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने पहुंची थीं। पानी भरने के लिए उन्होंने पाइप लगाया, तभी रमाकांत चौबे वहां पहुंचा और पानी भरने से मना करने लगा। महिला ने बताया कि घर में पानी नहीं है और भोजन बनाना है, लेकिन आरोप है कि वह नहीं माना और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए लाठी से मारपीट कर दी। घटना में महिला के हाथ, पैर और कमर में चोटें आईं। पुलिस ने रमाकांत चौबे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरी घटना तुलसीपार गांव में हुई। पुलिस के अनुसार मिहीलाल बंसल पिता शिब्बू बंसल अपनी बेटियों अंजली और पूनम के साथ सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गए थे। इसी दौरान ग्याप्रसाद कुशवाहा अपनी पत्नी नीमा कुशवाहा के साथ वहां पहुंचा और पहले पानी भरने की बात कहते हुए बर्तन हटाने को कहा।
मिहीलाल ने पहले से पानी भरने की बात कही तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ग्याप्रसाद ने लाठी से मारपीट शुरू कर दी। मिहीलाल अपनी बेटियों को लेकर घर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि ग्याप्रसाद अपनी पत्नी नीमा बाई और बेटी पूजा कुशवाहा के साथ डंडे लेकर वहां पहुंच गया और दोबारा विवाद करते हुए मिहीलाल की पत्नी राजबाई और बेटियों अंजली व पूनम के साथ मारपीट की। घटना में उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने इस मामले में भी प्रकरण दर्ज कर लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई गांवों में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को सरकारी हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। पानी भरने के दौरान आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पेयजल व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button