जर्जर मकान की दीवार गिरने से बड़ा हादसा: एक मजदूर की मौत, तीन घायल, रेफर

रिपोर्टर : विपिन शर्मा
बम्होरी । ग्राम कुंडाली में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। वर्षों से जर्जर पड़े एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में चार लोग आ गए। हादसे में एक दिहाड़ी मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्होरी लाया गया, जहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिविल अस्पताल सिलवानी रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह जर्जर मकान चेतराम अहिरवार एवं दौलतराम अहिरवार का था, जो कई वर्षों से ग्राम जाम में निवास कर रहे हैं। लगभग 20 दिन पहले लगातार हुई बारिश के दौरान इस कच्चे मकान की एक दीवार गिर चुकी थी, जबकि दूसरी दीवार भी अत्यंत जर्जर हालत में खड़ी थी।
गुरुवार रात हाकम पिता हरभजन अहिरवार, धनसिंह पिता रामबगस अहिरवार, अशोक पिता देवकरण अहिरवार एवं सुप्यार पिता मन्नालाल अहिरवार उसी दीवार के पास बैठे हुए थे। तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और चारों उसके नीचे दब गए।
हादसे में हाकम पिता हरभजन अहिरवार की मृत्यु हो गई। वहीं धनसिंह अहिरवार को कमर से पैर तक गंभीर चोटें आई हैं। अशोक अहिरवार के कंधे एवं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सुप्यार अहिरवार को भी चोट लगी है।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मलबे से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्होरी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को सिविल अस्पताल सिलवानी रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक हाकम अहिरवार दिहाड़ी मजदूर थे। घायल सभी लोग भी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने जर्जर एवं खतरनाक मकानों को समय रहते हटाने या सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।




