मध्य प्रदेश

केसरिया रंग में सजे हनुमान जी, निकुंज धाम में गूंजा जय सियाराम का जयघोष

तिघरा निकुंज धाम में मंगलवार शनिवार लगता है विशेष दरबार, दूर दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर उमरियापान के समीप ग्राम तिघरा स्थित प्रसिद्ध निकुंज धाम हनुमान मंदिर में श्रीराम भक्त हनुमान जी का केसरिया रंग से विशेष श्रृंगार किया गया ।  इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन हुआ ।  सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा ।
मंदिर के पंडित अमित शास्त्री जी द्वारा विधि-विधान से हनुमान जी का पूजन-अर्चन कर विशेष आरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर “जय सियाराम” और “जय श्री हनुमान” के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
*मंगलवार और शनिवार को लगता है दरबार*
ग्राम तिघरा स्थित निकुंज धाम में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को विशेष दरबार लगता है ।  इस दरबार में आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी समस्याएं और मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं । श्रद्धालु हनुमान जी के समक्ष अर्जी लगाकर पूजा-अर्चना करते हैं और पंडित अमित शास्त्री से मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं ।
दरबार की विशेषता के रूप में श्रद्धालुओं के बीच यह मान्यता है कि पंडित अमित शास्त्री जी से अपनी समस्या बताए बिना भी वे पर्चे में श्रद्धालु की समस्या लिखकर बताते हैं, जिसके बाद उन्हें समस्या के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाता है ।  इसी वजह से निकुंज धाम के दरबार को लेकर आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आस्था बनी हुई है ।
*दूर-दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु*
निकुंज धाम में आयोजित होने वाले दरबार में बीमारी, संतान प्राप्ति, पारिवारिक परेशानियों सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु हनुमान जी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं और अपनी मनोकामना लेकर दरबार में शामिल होते हैं ।  मंगलवार और शनिवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति का माहौल देखने को मिलता है ।
श्रद्धालुओं का कहना है कि निकुंज धाम में पहुंचकर हनुमान जी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करने से उन्हें मानसिक शांति का अनुभव होता है । यही कारण है कि तिघरा स्थित निकुंज धाम में समय के साथ श्रद्धालुओं की आस्था और पहुंच लगातार बढ़ रही है ।
निकुंज धाम में मंगलवार और शनिवार को लगने वाला दरबार श्रद्धालुओं के लिए आस्था, विश्वास और मार्गदर्शन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है ।

Related Articles

Back to top button