उमरियापान मे निकली विशाल कांवड़ यात्रा, हर हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन माह के चौथे सोमवार को संत श्री श्री 1008 बनवारी दास जी महाराज भरभरा आश्रम के सानिध्य में उमरियापान में विशाल कांवड़ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पुरुष, माताएं एवं बहनें शामिल हुए।
कांवड़िए समीपस्थ नर्मदा दांयी तट नहर हरदी से पवित्र नर्मदा जल लेकर करीब 5 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए सिद्धस्थल भरभरा आश्रम पहुंचे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु पूरे मार्ग में भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े । भरभरा आश्रम पहुंचने के बाद यहां विराजमान भगवान भोलेनाथ का नर्मदा जल से विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक किया गया । इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी वर्षा की कामना की ।
यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव”, “ऊं नमः शिवाय” और “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंजता रहा । कांवड़ यात्रा में भगवान भोलेनाथ की वेशभूषा धारण कर नृत्य करते श्रद्धालु विशेष आकर्षण का केंद्र रहे । उनके साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने भी भजनों और जयकारों के साथ माहौल को भक्तिमय बनाए रखा ।
कांवड़ियों के स्वागत और सेवा के लिए मार्ग में जगह-जगह भक्तों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां फल, फूल, पेयजल एवं अन्य प्रसाद का वितरण किया गया । कई स्थानों पर लोगों ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत भी किया ।
पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला । महिला श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की ।
सिद्धस्थल भरभरा आश्रम पहुंचने के बाद सामूहिक रूप से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की गई । संतश्री 1008 बनवारी दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।



