त्याग तपस्या भक्ति सेवा का माधव नगर में अनोखा संगम, मंदिर ट्रस्ट ने करण सिंह चौहान का किया सम्मान

चालीहो साहिब के समापन पर भव्य धार्मिक आयोजन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। माधव नगर स्थित विशाल झूलेलाल मंदिर प्रांगण में सिंधी समाज के पवित्र धार्मिक पर्व ‘चालीसवां’ चालीहो साहिब के समापन पर भव्य धार्मिक समारोह एवं लंगर का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया ।
इस पावन अवसर पर मंदिर समिति द्वारा जिला कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष करण सिंह चौहान का शाल, श्रीफल एवं भगवान श्री झूलेलाल जी का शुभ तैल चित्र भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया गया ।
समारोह को संबोधित करते हुए करण सिंह चौहान ने कहा मैं स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे भगवान श्री झूलेलाल जी के दरबार में सिंधी समाज के बीच सम्मानित होने का अवसर मिला । मैं अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं जब मध्य प्रदेश सिंधी समुदाय के प्रमुख झमटमल थारवानी ने अपने हाथों से मुझे सम्मानित कर आशीर्वाद प्रदान किया ।
जल और ज्योति के अवतार भगवान झूलेलाल जी का यह चालीसवां पर्व त्याग, तपस्या, भक्ति और सामाजिक समरसता का प्रतीक है । सिंधी समुदाय ने सदैव अपनी सांस्कृतिक विरासत और सेवा भावना से समाज को दिशा दी है । में प्रार्थना करता हूं कि भगवान झूलेलाल आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और वैभव प्रदान करें ।
करण सिंह चौहान ने मंदिर समिति के सदस्यों और महाप्रसाद लंगर की व्यवस्था में जुटे सेवादारों की सराहना करते हुए कहा कि हजारों की संख्या में पधारीं माताओं, बहनों, बच्चों और श्रद्धालुओं के लिए की गई लंगर व्यवस्था प्रशंसनीय है ।
इस पुनीत अवसर पर सिंधी समुदाय के वरिष्ठ नेता झम्मटमल थारवानी, राजा जगवानी, वरिष्ठ समाजसेवी खियल दास चावला, डॉ. प्रेम जसूजा, श्रीमती पायल जैतवानी, सुनील थरेजा, विजय वाधवानी, राजकुमार चावला, लकी थारवानी, श्याम पाहुजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे ।



