उमरियापान में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

मंदिरों में विशेष पूजन अर्चन व आरती, जगह जगह हुआ मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उमरियापान में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया । इस अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों एवं श्रद्धालुओं के घरों में भगवान श्रीकृष्ण का विशेष पूजन-अर्चन एवं आरती की गई । सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय बना रहा ।
उमरियापान के बड़ीमाई मंदिर प्रांगण स्थित श्रीराधा-कृष्ण मंदिर, झंडा चौक मंदिर, न्यू बस स्टैंड स्थित श्रीकृष्ण मंदिर,कटरा बाजार मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना की गई । श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
जन्माष्टमी के अवसर पर झंडा चौक हनुमान मंदिर प्रांगण, कटरा बाजार, न्यू बस स्टैंड में मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया । प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । बच्चों की आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ने की प्रतियोगिता कराई गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए । बच्चों के उत्साह और उनकी कोशिशों ने उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया ।
वहीं समीपस्थ भरभरा आश्रम में संत श्री श्री 1008 बनवारी दास महाराज के सानिध्य में भगवान श्रीकृष्ण का विशेष पूजन-अर्चन एवं आरती की गई । इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे । पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया ।
पूरे नगर में दिनभर जन्माष्टमी पर्व में मंदिरों में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय बना रहा ।



