महाराजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजली

वीर बलिदानियों को शत-शत नमन
सिलवानी । तहसील के ग्राम शालाबर्रू में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक महाराजा शंकर शाह जी एवं कुंवर रघुनाथ शाह जी के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर ने सहभागिता कर वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर वीर सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग और देशभक्ति को याद करते हुए उनके गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला गया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा” महाराजा शंकर शाह जी एवं कुंवर रघुनाथ शाह जी केवल इतिहास के पन्नों में दर्ज नाम नहीं हैं, बल्कि वे हमारे स्वाभिमान, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण के अमर प्रतीक हैं। उन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण देश और समाज के सम्मान के लिए समर्पित किया।
1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में इन महान वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के सामने झुकने से इनकार किया। उन्होंने अपने अदम्य साहस और वीरता से यह संदेश दिया कि मातृभूमि की रक्षा और सम्मान से बढ़कर कुछ भी नहीं है।
महाराजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह जी का बलिदान हमें अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज की एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों, संस्कृति और स्वाभिमान से समझौता नहीं करना चाहिए।
आज हम सभी का दायित्व है कि अपने महान पूर्वजों के इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाएँ। हमारे बच्चों को वीर शंकर शाह और रघुनाथ शाह के संघर्ष, त्याग और देशभक्ति के बारे में जानकारी मिले, ताकि वे अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा ले सकें।
आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, एकता, जागरूकता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है।
हमारे वीर शहीदों का बलिदान सदैव अमर रहेगा और उनकी प्रेरणा हमारी आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहेगी।” महाराजा शंकर शाह अमर रहें! कुंवर रघुनाथ शाह अमर रहें!वीर शहीदों को शत-शत नमन!



