जरा से हवा पानी में बिजली के खंबे हुए आड़े भ्रष्टाचार की खुली पोल
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
सिलवानी । रायसेन जिले की सिलवानी तहसील अंतर्गत आमा पानी पंचायत से घाना खमरिया रोड पर बिजली के पोल लगाने में बड़ी लापरवाही के आरोप सामने आए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने बिजली के खंभों को महज डेढ़ से दो फीट जमीन में बिना पक्के बेस के ही खड़ा कर दिया, जिसके चलते कई पोल अब तिरछे होकर हादसे को न्योता दे रहे हैं।
स्थिति यह है कि करीब एक दर्जन बिजली के खंभे आड़े-तिरछे हो गए हैं, जबकि चार पोल सड़क पर गिर जाने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
इस रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बिजली कंपनी और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर पोल इसी तरह कमजोर स्थिति में रहे तो तेज बारिश, हवा या किसी वाहन की टक्कर से बड़ा हादसा हो सकता है।
अब सवाल यह है कि बिजली के पोल लगाने के काम में तय मापदंडों का पालन हुआ या नहीं?
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कमजोर पोलों को दोबारा मजबूत बेस के साथ लगाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल निगाहें बिजली कंपनी और संबंधित अधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं।



