मध्य प्रदेश

पोषण माह के तहत आंगनवाड़ी केंद्र में हुआ सामुदायिक पोषण कार्यक्रम

सिलवानी। राष्ट्रीय पोषण मिशन के अंतर्गत पोषण माह का शुभारंभ 9 सितंबर से किया गया है। इसी क्रम में मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी थीम के तहत सिलवानी की महावीर कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में सामुदायिक पोषण गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 3 से 6 वर्ष के बच्चों को ताजा पका हुआ एवं स्थानीय विविधतायुक्त नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया गया। इसमें पालकों एवं स्व-सहायता समूह (SHG) की सहभागिता रही। उपस्थित महिलाओं से पोषण वाटिका को बढ़ावा देने के लिए पंचवटी के अंतर्गत आंवला, मुनगा, नींबू, अमरूद सहित अन्य पोषण उपयोगी पौधों का रोपण करने का अनुरोध किया गया।
आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण रंगोली बनाकर विभाग द्वारा दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। हितग्राही बच्चों एवं महिलाओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। सेक्टर सुपरवाइजर द्वारा मुनगा एवं सोया बड़ी के पोषण संबंधी फायदे तथा उनसे तैयार किए जाने वाले व्यंजनों की विधि की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं से उनके अनुभव जाने गए और सफल उदाहरणों को अन्य हितग्राहियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विभाग द्वारा बताया गया कि पोषण माह के दौरान सिलवानी अंचल की विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में लगातार पोषण संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक बच्चों, महिलाओं एवं अन्य हितग्राहियों को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में सीडीपीओ आबिदा बी., सेक्टर सुपरवाइजर मानकुंवर प्रजापति, सुरक्षा विश्वकर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुषमा प्रजापति, सहायिका सहित हितग्राही उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button