जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में सरस्वती शिशु मंदिर प्रतापगढ़ का शानदार प्रदर्शन

विभिन्न प्रतियोगिताओं में भैया-बहनों ने हासिल किए प्रथम एवं द्वितीय स्थान
सिलवानी। प्रतापगढ़ सरस्वती शिशु मंदिर प्रतापगढ़ के भैया-बहनों ने जिला स्तरीय संस्कृति महोत्सव बरेली तथा जिला स्तरीय वैदिक गणित एवं विज्ञान मेले में सहभागिता करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किए।
जिला स्तरीय संस्कृति महोत्सव बरेली में प्रश्नमंच शिशु वर्ग में विद्यालय के भैया-बहनों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रंगोली बाल वर्ग में बहिन प्रियांशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। मूर्ति कला बाल वर्ग में बहिन अंजली ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
इसी क्रम में रायसेन में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान मेला एवं वैदिक गणित प्रतियोगिता में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विज्ञान प्रश्नमंच बाल वर्ग में प्रथम स्थान तथा वैदिक गणित प्रश्नमंच में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर सभी विजेता भैया-बहनों को विद्यालय के व्यवस्थापक एवं प्राचार्य द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें विभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन की कामना की।


