मध्य प्रदेश

डोल ग्यारस पर निकले विमान, बारिश के बीच भी उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । हिंदू उत्सव समिति के तत्वाधान में डोल ग्यारस का पर्व हर्षोल्लास के साथ गांधी बाजार में सामूहिक पूजन के साथ संपन्न हुआ। कुंड-कुआं पर कराया जल विहार; अखाड़ों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब।
डोल ग्यारस के अवसर पर मंगलवार को नगर में लड्डू गोपाल के विमानों का भव्य चल समारोह निकाला गया। हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में नगर के विभिन्न मोहल्लों से करीब 22 विमान गांधी बाजार स्थित विशाल मैदान में पहुंचे। इस दौरान “आलकी की पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।
गांधी बाजार पहुंचने के बाद विमानों में विराजमान श्रीकृष्ण की श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। इसके बाद कुंड-कुआं स्थल पर विमान को झूला झुलाया गया और परंपरा के अनुसार जल विहार कराया गया। सामूहिक महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया।
चल समारोह के दौरान भजन मंडलियों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं, वहीं विभिन्न मंडलियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। अखाड़ों में शामिल युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रमुख अतिथियों और गणमान्य नागरिकों का स्वागत भी किया गया।
विमानों के लिए उपलब्ध कराए 12 लोहे के स्टैंड नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी द्वारा हिंदू उत्सव समिति को रथ एवं विमानों को व्यवस्थित और स्थायी रूप से रखने के लिए 12 लोहे के झूला स्टैंड उपलब्ध कराए गए।
इन स्टैंडों के माध्यम से विमानों को सुविधाजनक एवं सुरक्षित रूप से विराजमान किया जा सकेगा।
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष सचिन नेमा सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने सभी विमानों की पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरण किया। कार्यक्रम में पूर्व हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष जितेंद्र तोमर, नगर के वरिष्ठ धर्मप्रेमी, पार्षद, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
बारिश के बावजूद उत्साह बरकरार रहा।
डोल ग्यारस के दिन लगातार बारिश का मौसम रहने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ।
लोग छाता लेकर और बारिश के बी विमानों के दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे। नगर की विभिन्न गलियों से निकले विमानों के गांधी बाजार पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आराधना की।
आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन एवं व्यवस्था में लगे कर्मचारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी नागरिकों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button