मध्य प्रदेश

“उमंग है तो जिंदगी में रंग है” थीम पर उमंग दिवस का आयोजन

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, में “उमंग है तो जिंदगी में रंग है” थीम पर उमंग दिवस का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, जीवन कौशल, जेंडर समानता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि सिविल हॉस्पिटल के डॉ. मितेश देवल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीआरसी अर्जुन सिंह सिसोदिया, संस्था प्रभारी प्राचार्य दिनेश कुमार पटेल, उमंग स्वास्थ्य केंद्र से आरकेएसके परामर्शदाता अमित शर्मा, शासकीय माध्यमिक विद्यालय सुनहरा से दीपक कटारे एवं उमंग हेल्थ एंड वैलनेस एंबेसडर विनोद जाटव उपस्थित रहे। मंच संचालन विजय कौशिक ने किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने “उमंग है तो जिंदगी में रंग है” थीम पर आकर्षक रंगोली एवं मेहंदी बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने उमंग स्वास्थ्य केंद्र से जुड़कर अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की सफलता की कहानियां भी साझा कीं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नाटक रहा, जिसके माध्यम से उमंग हेल्पलाइन 14425 का संदेश देते हुए समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर सही व्यक्ति से सहायता एवं परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। नाटक के माध्यम से आत्मविश्वास, चुनौतियों का सामना करने एवं जेंडर समानता का संदेश भी दिया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. मितेश देवल ने छात्राओं को किशोरावस्था में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित दिनचर्या तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी को लेकर झिझकने के बजाय माता-पिता, शिक्षक, उमंग परामर्शदाता अथवा स्वास्थ्यकर्मी से खुलकर बात करनी चाहिए।
आरकेएसके परामर्शदाता अमित शर्मा ने उमंग कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं उमंग स्वास्थ्य केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोर स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जागरूक करते हुए “खुलकर पूछो, खुलकर जानो” की भावना के साथ अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आईएफए गोलियों के महत्व, एनीमिया से बचाव, पौष्टिक आहार तथा उमंग हेल्पलाइन 14425, टेली-मानस 14416 एवं मनहित ऐप की जानकारी दी।
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा “उमंग का आकांक्षा वृक्ष” तैयार किया गया, जिसमें उन्होंने अपने सपनों एवं भविष्य के लक्ष्यों को प्रदर्शित किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि डॉ. मितेश देवल द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
अंत में प्रभारी प्राचार्य दिनेश कुमार पटेल ने सभी अतिथियों शिक्षक शिक्षिकाओं एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button