सेमरी घाट पर 100 फीट लंबे पक्के घाट का निर्माण, गणेश विसर्जन व पितृपक्ष में मिलेगी सुविधा
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । गणेश विसर्जन एवं पितृपक्ष को देखते हुए नगर पालिका बेगमगंज द्वारा सुल्तानगंज रोड स्थित सेमरी घाट पर करीब 100 फीट लंबे पक्के घाट का निर्माण कराया जा रहा है। घाट निर्माण कार्य का नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी ने निरीक्षण किया और निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
अध्यक्ष संदीप लोधी ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित कर्मचारियों को घाट का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
उल्लेखनीय है कि सड़क निर्माण कंपनी द्वारा पूर्व से बने घाटों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था जिससे लोगों को परेशानी हो रही थी।
सेमरी घाट पर पितृपक्ष के दौरान नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पितरों के तर्पण एवं अन्य धार्मिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। वहीं गणेश उत्सव के दौरान नगर से निकलने वाली प्रमुख झांकियों में शामिल गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन भी इसी घाट पर किया जाता है।
नगर पालिका द्वारा बनाए जा रहे 100 फीट लंबे पक्के घाट से पितृपक्ष में आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी, वहीं गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान भी व्यवस्थाएं बेहतर होंगी। निर्माण पूरा होने के बाद घाट पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।



