मध्य प्रदेश

छात्राओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित

स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, में छात्राओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। सीबीएमओ डॉ. नितिन तोमर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करना तथा आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना था।
शिविर में छात्राओं का रक्तचाप, हीमोग्लोबिन सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। साथ ही पोषण, एनीमिया, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित जानकारी दी गई।
आरएमओ डॉ. सीएम गुर्जर ने एनीमिया के कारणों, बचाव तथा आयरन-फोलिक एसिड के नियमित सेवन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, हरी पत्तेदार सब्जियों और आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमन सेन ने छात्राओं से संवाद करते हुए बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वस्थ दिनचर्या एवं बेहतर जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
मेडिकल ऑफिसर डॉ. नम्रता सिंह ने किशोरियों को माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने व्यक्तिगत साफ-सफाई, स्वच्छता सामग्री के उचित उपयोग एवं निस्तारण तथा माहवारी से जुड़ी समस्याओं पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
आरबीएसके मेडिकल ऑफिसर एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बबलू साहू ने किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं, सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान, बचाव एवं समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व की जानकारी दी।
इस अवसर पर किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता अमित शर्मा ने उमंग स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से किशोर-किशोरियों को उपलब्ध स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने उमंग हेल्पलाइन 14425, टेली-मानस 14416, मनहित ऐप एवं जस्ट आस्क चैट बोर्ड जैसी सुविधाओं के बारे में बताते हुए स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर बेझिझक परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में किशोरियों ने पोषण एवं एनीमिया जागरूकता पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने संतुलित आहार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थ, एनीमिया से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली के संदेश रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में फार्मासिस्ट अनूप राय, सेक्टर सुपरवाइजर अशोक पंथी, आशा कार्यकर्ता शिवकुमारी यादव, रश्मि साहू, श्रद्धा साहू, सुनीता साहू एवं कल्पना साहू, वाहन चालक अकरम अली, प्रभारी प्राचार्य दिनेश पटेल एवं उमंग प्रभारी विनोद जाटव उपस्थित रहे। फार्मासिस्ट अनूप राय ने छात्राओं को आवश्यक दवाइयाँ प्रदान कर उनके सेवन संबंधी जानकारी दी।
शिविर के माध्यम से छात्राओं को स्वास्थ्य 5जाँच, पोषण, एनीमिया की रोकथाम, माहवारी स्वच्छता एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

Related Articles

Back to top button