अंकिता परिसर में नौ दिवसीय नवरात्रि आराधना का समापन, मां जगदंबा को दी भावपूर्ण विदाई
महिला भक्तों ने सुहाग सामग्री अर्पित कर की सुख-समृद्धि की कामना, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
भोपाल। शहर के अयोध्या बायपास स्थित अंकिता परिसर में नौ दिवसीय नवरात्रि पूजा-आराधना के समापन पर बुधवार को मां जगदंबा की भावपूर्ण विदाई का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ मां को सुहाग सामग्री अर्पित की तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विदाई दी। पूरे आयोजन के दौरान परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना में जुटी महिलाओं ने समापन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की। मां को सुहाग सामग्री भेंट कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की। विदाई के समय महिलाओं ने भक्ति भाव से भजन कीर्तन किए। मां के जयकारों और भक्ति गीतों से परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां जगदंबा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
लगातार 14वें वर्ष हुआ आयोजन
कृष्णा सामाजिक संस्था एवं दुर्गा उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में अंकिता परिसर में यह आयोजन लगातार 14वें वर्ष किया गया। समिति की ओर से प्रतिवर्ष नवरात्रि के दौरान सामूहिक पूजा-आराधना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। आयोजन के माध्यम से महिलाओं को धार्मिक आस्था, भक्ति और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। मां जगदंबा की विदाई के अवसर पर समिति की पल्लवी जोशी, सोनम चौहान, वंदना जोशी, पुष्पा ठाकरे, शैला चौरे, प्रीति नायक, आयुषी जोशी, माही सहित अन्य महिला भक्त उपस्थित रहीं। सभी ने श्रद्धापूर्वक पूजा में सहभागिता कर नवरात्रि आराधना के समापन पर मां जगदंबा को विदाई दी।



