शासकीय वाहन के अभाव में सुल्तानगंज तहसीलदार का क्षेत्रीय भ्रमण ठप

आपातकालीन घटनाओं में प्रशासन की पहुंच पर सवाल!
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। रायसेन जिले की सुल्तानगंज तहसील में शासकीय वाहन की अनुपलब्धता अब क्षेत्रीय प्रशासन के लिए चुनौती बनती नजर आ रही है। करीब एक माह से वाहन नहीं होने के कारण तहसीलदार का क्षेत्रीय भ्रमण प्रभावित होने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अचानक होने वाली दुर्घटनाओं, प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन तत्काल मौके पर कैसे पहुंचेगा?
हाल ही में ग्राम खामखेड़ा में खेत पर बिजली का खंभा गिरने से किसान की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के दौरान तहसीलदार के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, क्षेत्र के किसान राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशान होने की शिकायत कर रहे हैं। पुराने मामलों और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों का गांवों तक पहुंचना जरूरी है।
गौरतलब है कि सुल्तानगंज तहसील के न्यायालयीन कार्य बेगमगंज स्थित तहसील भवन से संचालित होते हैं। ऐसे में तहसीलदार को दोनों क्षेत्रों के कार्यों में समन्वय करना पड़ता है। वाहन के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासन की त्वरित पहुंच प्रभावित होने की आशंका है।
एसडीएम प्रियंका भलावी ने कहा कि मामला मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी और किसानों व क्षेत्रवासियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।



