कटनी जिले में पांच चिकित्सकों का संलग्नीकरण निरस्त, मूल पदस्थापना स्थल पर लौटने के आदेश
उमरियापान में पदस्थ डॉ. ब्रजेश कुमार प्रसाद को रीठी और डॉ. समीर सिंघई को उमरियापान भेजा गया
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार कटनी जिले में कार्यरत नियमित चिकित्सकों, बंधपत्र चिकित्सकों एवं एनएचएम संविदा चिकित्सकों के पूर्व में किए गए संलग्नीकरण समाप्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं । इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कटनी द्वारा पांच नियमित चिकित्सा अधिकारियों का संलग्नीकरण निरस्त करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके मूल पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश जारी किए गए हैं ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय कटनी से 19 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, चिकित्सकों को वर्तमान कार्यस्थल से तत्काल कार्यमुक्त होकर अपनी मूल पदस्थापना पर उपस्थिति देना सुनिश्चित करना होगा ।
जारी आदेश के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान में कार्यरत डॉ. ब्रजेश कुमार प्रसाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रीठी भेजा गया है । वहीं, जिला वैक्सीन भंडार स्थानीय कार्यालय में कार्यरत डॉ. समीर सिंघई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान में मूल पदस्थापना के अनुसार कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं ।
इसके अलावा सिविल अस्पताल बरही में कार्यरत डॉ. राममणि पटेल को जिला चिकित्सालय कटनी, जिला चिकित्सालय कटनी में पदस्थ डॉ. रितेश दुबे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्लीमनाबाद में कार्यरत डॉ. शिवम कुमार दुबे को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद भेजा गया है ।
यह आदेश आयुक्त, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देश तथा क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, जबलपुर के 16 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुक्रम में जारी किया गया है । आदेश में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त होकर मूल पदस्थापना स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं ।




