बड़वारा विधानसभा की घोषणाओं पर अमल की मांग, विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजा स्मरण पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई विभिन्न घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मरण पत्र भेजा है । मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक ने 28 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी कर क्षेत्र में जनहित एवं विकास से जुड़ी घोषणाओं पर शीघ्र अमल कराने का आग्रह किया है ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संबोधित पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान जनहित और क्षेत्रीय विकास के संबंध में कई घोषणाएं की गई थीं, लेकिन अब तक उनका अपेक्षित क्रियान्वयन नहीं हो पाया है । इसके कारण क्षेत्र की जनता को प्रस्तावित विकास कार्यों का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर घोषणाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कराई जाए । साथ ही, इनके क्रियान्वयन के लिए समय-सीमा निर्धारित करते हुए विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं ।
इस स्मरण पत्र की प्रतिलिपि मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव, संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव तथा कटनी कलेक्टर को भी भेजी गई है, ताकि लंबित घोषणाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके ।



