मध्य प्रदेश

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्ति में झूम उठे श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा माही गार्डन

संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में वामन अवतार और राजा परीक्षित की कथा का हुआ वर्णन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । नगर में चंडी माता मंदिर परिसर स्थित माही गार्डन में गुप्ता परिवार के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन कथा व्यास पंडित अमित शास्त्री जी ने विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया । कथा के दौरान हिरण्यकश्यप प्रसंग, राजा परीक्षित की कथा, भगवान वामन अवतार एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया गया ।
भगवान वामन अवतार की कथा सुनाते हुए पंडित अमित शास्त्री जी ने बताया कि भगवान वामन ने राजा बलि से तीन पग भूमि दान में मांगी । राजा बलि के वचन देने पर भगवान ने अपने विराट स्वरूप से दो पग में समस्त लोकों को नाप लिया और तीसरे पग के लिए राजा बलि ने अपना सिर अर्पित कर दिया। कथा के इन प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे ।
वहीं, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर कथा स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया । भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की बधाइयां और संगीतमय भजनों की प्रस्तुति पर माताएं-बहनें जमकर झूमीं । ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा कथा स्थल गूंज उठा । श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
कथा श्रवण करने वालों में जागेश्वर प्रसाद गुप्ता, सावित्री गुप्ता, सुनीता गुप्ता, स्वर्गीय मिठाई लाल गुप्ता एवं भूरी बाई गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे । आयोजन में लक्ष्मी गुप्ता, लल्लू गुप्ता एवं समस्त गुप्ता परिवार की सहभागिता रही ।

Related Articles

Back to top button