मध्य प्रदेश

दादा नगरी साईखेड़ा में ट्रालों और डंपरों का आतंक

स्टेट हाईवे-44 पर घंटों लग रहा जाम, धूल और मिट्टी से व्यापारी एवं राहगीर परेशान; बाजार में पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
रिपोर्टर: कमलेश अवधिया
साईखेड़ा। दादा नगरी साईखेड़ा में इन दिनों स्टेट हाईवे-44 पर बड़े-बड़े ट्रालों और डंपरों की आवाजाही आम नागरिकों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र से होकर भारी वाहनों के लगातार गुजरने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। हालात यह हैं कि बाजार रोड पर लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
साईखेड़ा नगर का प्रमुख बाजार स्टेट हाईवे-44 पर स्थित है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। वहीं साप्ताहिक बाजार के दिन भीड़ और बढ़ जाती है। ऐसे में भारी-भरकम ट्रालों और डंपरों की आवाजाही से सड़क पर घंटों लंबा जाम लग जाता है। जाम में दोपहिया वाहन, चारपहिया वाहन, स्कूल जाने वाले बच्चे और आम राहगीर फंसकर परेशान होते हैं।
धूल के गुबार से सांस लेना हुआ मुश्किल
भारी वाहनों के गुजरने से सड़क पर जमा मिट्टी और धूल पूरे बाजार में फैल रही है। ट्रालों और डंपरों के पीछे उड़ती धूल से दुकानदारों, ग्राहकों और स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार की दुकानों में धूल की परत जम रही है, वहीं लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हो रही है। इसके बावजूद इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
आखिर कब सुधरेगी यातायात व्यवस्था?
नगरवासियों और व्यापारियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मुख्य बाजार से भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण कब लगाया जाएगा? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? लोगों की मांग है कि साप्ताहिक बाजार एवं भीड़भाड़ वाले समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण लगाया जाए। साथ ही धूल से राहत दिलाने के लिए नियमित पानी का छिड़काव और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए उचित इंतजाम किए जाएं।
दादा नगरी साईखेड़ा के नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि स्टेट हाईवे-44 पर भारी वाहनों की आवाजाही के लिए व्यवस्थित यातायात योजना बनाई जाए, ताकि नगरवासियों को जाम, धूल और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button