मध्य प्रदेश

त्योहार के दिन बाजार में दिनभर लगा रहा जाम, भीड़भाड़ वाले इलाकों से पुलिस नदारद

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एसपी से थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के स्थानांतरण की मांग की
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  दीपावली पर्व के अवसर पर धनतेरस के दिन उमरियापान नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आई ।  दीपावली की खरीदारी के लिए नगर सहित दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उमरियापान पहुंचे, लेकिन बाजार में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस इंतजाम दिखाई नहीं दिए । परिणामस्वरूप नगर के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही ।  खरीदारी करने पहुंचे ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा ।
त्योहार के दौरान नगर में यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है, इसके बावजूद प्रमुख चौराहों, बाजार के व्यस्त मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती नजर नहीं आई ।  वाहन चालक जहां-तहां वाहन खड़े करते रहे, जिससे आवागमन बाधित होता रहा ।  नगरवासियों का कहना है कि धनतेरस और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों पर पुलिस प्रशासन को पहले से यातायात व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए थी, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई गई ।
*थाना प्रभारी की क्षेत्र में सक्रियता को लेकर नाराजगी*
उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में सक्रियता को लेकर भी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में नाराजगी सामने आ रही है ।  स्थानीय जनप्रतिनिधियों और थाना क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि थाना प्रभारी को क्षेत्र में भ्रमण करते हुए बहुत कम देखा जाता है ।  कुछ लोगों का तो यहां तक कहना है कि थाना क्षेत्र के गांवों की बात छोड़िए, उमरियापान नगर में भी शाम के समय थाना प्रभारी कभी-कभार ही नजर आते हैं ।  स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उनकी क्षेत्रीय सक्रियता को लेकर असंतोष जाहिर किया है ।
नगरवासियों के अनुसार, उमरियापान में पदस्थ होने के बाद थाना प्रभारी की नियमित क्षेत्रीय मौजूदगी और सक्रिय पुलिसिंग का अभाव महसूस किया जा रहा है ।  लोगों का कहना है कि जब त्योहारों के दौरान नगर में हजारों लोगों की आवाजाही रहती है, तब पुलिस की मौजूदगी सबसे अधिक जरूरी होती है । इसके बावजूद भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस का अता-पता नहीं रहना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है ।
*एसपी से स्थानांतरण की मांग*
थाना क्षेत्र के बुद्धिजीवी नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है ।  नागरिकों ने थाना प्रभारी का स्थानांतरण किए जाने का आग्रह करते हुए कहा कि उमरियापान जैसे बड़े ग्रामीण क्षेत्र में ऐसे पुलिस अधिकारी की आवश्यकता है, जो नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करे और आम जनता के बीच अपनी सक्रिय उपस्थिति बनाए रखे ।

Related Articles

Back to top button