जून से मानदेय का भुगतान नहीं, रसोइयों की सूनी रही दीपावली

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। स्कूलों में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाली रसोइयों की दीपावली इस बार फीकी रही । जून माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने के कारण सैकड़ों रसोइयों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है । दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी शासन से मिलने वाले मानदेय का इंतजार खत्म नहीं हुआ और रसोइयों को खाली हाथ ही त्योहार मनाने के लिए मजबूर होना पड़ा ।
रसोईयों का कहना है कि उन्हें पहले से ही बेहद कम मानदेय दिया जाता है । इसके बावजूद कई महीनों से भुगतान लंबित होने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। दीपावली पर बच्चों के लिए नए कपड़े, मिठाई और घर की अन्य जरूरी वस्तुएं खरीदने की उम्मीद भी आर्थिक तंगी के चलते पूरी नहीं हो सकी ।
रसोइयों ने बताया कि वे नियमित रूप से स्कूलों में पहुंचकर बच्चों के लिए भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभा रही हैं । इसके बावजूद उन्हें समय पर मेहनताना नहीं मिल रहा है। जून माह से मानदेय अटका होने के कारण घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।
रसोइयों ने विभागीय अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है । उनका कहना है कि दीपावली का त्योहार तो बीत गया, लेकिन अब शासन और विभाग को उनकी आर्थिक परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान करना चाहिए, ताकि आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों को कुछ राहत मिल सके ।



